प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 3.0 के अंतर्गत बैठक संपन्न
छिंदवाड़ा:- मध्यप्रदेश शासन खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण भोपाल द्वारा जारी निर्देशानुसार जिले में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 3.0 के अंतर्गत गरीब परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदाय करने के संबंध में पेट्रोलियम गैस मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी एसओपी के परिपालन में कलेक्टर के निर्देशन में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया। बैठक में अपर कलेक्टर व एसडीएम छिन्दवाड़ा के साथ ही आदिम जनजाति विभाग के अधिकारी, जिला नोडल अधिकारी प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, सेल्स ऑफिसर ऑयल कम्पनी, सभी प्रोपराईटर/संचालक गैस एजेंसी, सभी सहायक/कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में सर्वप्रथम सभी उपस्थित अधिकारियों को शासन के निर्देशों से अवगत कराया गया तथा सभी को यह भी अवगत कराया गया कि जिले में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत सर्वे के दौरान चयनित ग्रामों में निवासरत गैस कनेक्शन विहीन परिवारों में से पात्रताधारी परिवारों को निर्धारित एसओपी अनुसार गैस कनेक्शन जारी किये जाने के लिये ग्रामवार दल का गठन आदेश जारी किया गया है, जिसमें संबधित सहायक / कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाकर गैस एजेंसी संचालक, शाउमू दुकान के विक्रेता, ग्राम सचिव, छात्रावास अधीक्षक को ग्रामवार दल में रखा गया है।
सभी संबंधित अधिकारी एवं पदाधिकारीगणों को निर्देशित किया गया कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 3.0 के अंतर्गत फार्म भरने की प्रक्रिया जिले में ऑयल कम्पनी / गैस एजेंसी संचालकों द्वारा की जाएगी । बैठक में निर्देश दिए गए कि प्रधानमंत्री जन-मन योजना के अंतर्गत पीव्हीटीजी (भारिया जनजाति) के शेष बचे परिवारों का तत्काल फार्म भरवाने की कार्यवाही की जाये। इसके साथ ही धरती आबा के अंतर्गत आने वाले शेष बचे जनजाति परिवारों का भी आवेदन करायें। सभी अधिकारियों से बैठक में अपेक्षा की गयी कि उनका प्रयास यह रहे कि जिले के पात्र जनजाति परिवार शेष न रहे एवं शेष रहे परिवारों का प्रतिदिन रिव्यू किये जाने के लिये भी निर्देशित किया गया तथा सभी गैस एजेंसी संचालकों को इस संबंध में निर्धारित अवधि में कैम्प लगाये जाने के लिये भी निर्देशित किया गया ।
छिन्दवाड़ा जिले में निवासरत प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत लाभ से वंचित रहे जनजाति के शेष बचे सभी परिवारों से भी अपील की गई है कि वे नजदीकी गैस एजेंसी में पहुंचकर भी अपना आवेदन भरकर दे सकते हैं ।
