नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों एवं मेंटर्स की संयुक्त बैठक संपन्न
जन अभियान परिषद की बैठक में नशामुक्ति, सर्पदंश जागरूकता और पौधरोपण अभियान पर जोर
जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक एवं विकासखंड समन्वयक द्वारा आज अमरवाड़ा जनपद कार्यालय में नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों एवं मेंटर्स की संयुक्त बैठक लेकर विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजना को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये।
बैठक में गत माह संचालित ‘नशे से दूरी’ अभियान तथा सर्पदंश से बचाव एवं उपचार को लेकर गांव-गांव जनजागरूकता अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया गया। जिला समन्वयक ने आगामी हरियाली अमावस्या के अवसर पर व्यापक पौधारोपण अभियान संचालित करने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा नवांकुर संस्था, नवांकुर सखी एवं प्रस्फुटन समितियों के दस्तावेजीकरण, बोर्ड लगाने तथा बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू में प्रवेश प्रक्रिया और शत-प्रतिशत फीस जमा कराने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। बैठक के बाद जन अभियान परिषद अमरवाड़ा का दल तहसील कार्यालय पहुंचा, जहां तहसीलदार से मुलाकात कर सर्पदंश से बचाव एवं उपचार के संबंध में गांव-गांव जनजागरूकता अभियान चलाने तथा इस कार्य में जन अभियान परिषद की सहभागिता को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान सर्पदंश जागरूकता अभियान से संबंधित पीपीटी उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया गया।
बैठक एवं तहसीलदार से मुलाकात के दौरान विकासखंड समन्वयक मेंटर्स नवांकुर संस्था उग्र प्रभा जनकल्याण समिति के अध्यक्ष सहित प्रस्फुटन समितियों के सदस्य उपस्थित थे।
