15°C New York
December 1, 2025
छिंदवाड़ा के युवा जनजातीय गौरव राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित
ताज़ा खबर

छिंदवाड़ा के युवा जनजातीय गौरव राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित

Nov 18, 2025

मेधावी पुरस्कार योजना” में चयनित अनुसूचित जनजाति वर्ग की 2 छात्राओं का प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के हस्ते हुआ सम्मान

भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के समापन वर्ष पर देशभर में पाँचवाँ जनजातीय गौरव दिवस सम्मानपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने गुजरात के नर्मदा जिले से राष्ट्र को वर्चुअल रूप से संबोधित किया। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में 15 नवंबर 2025 को राज्य स्तरीय कार्यक्रम जबलपुर जिले के गैरिसन ग्राउंड में आयोजित हुआ। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिले की दो जनजातीय मेधावी छात्राओं का सम्मान किया। साथ ही कु. वैष्णवी सरियाम को विज्ञान पुरस्कार के अंतर्गत महाराजा शंकर शाह पुरस्कार योजना के अंतर्गत 50000 रुपए एवं कु.यशिका धुर्वे को रानी दुर्गावती मेधावी पुरस्कार योजना के अंतर्गत 51000 रूपये की राशि का बैंक ड्राफ्ट प्रदान किया गया।

छिन्दवाड़ा जिले की जनजातीय बेटी कु. वैष्णवी सरियाम ने कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में विज्ञान संकाय के विषयों में पूरे मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि के लिए उन्हें जनजातीय कार्य विभाग द्वारा ‘मेधावी छात्रा पुरस्कार योजना’ के अंतर्गत ‘बालिका विज्ञान पुरस्कार’ से सम्मानित करते हुए, 50000 रूपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है।

मध्यप्रदेश शासन के जनजातीय कार्य विभाग के द्वारा यह पुरस्कार उन 10 जनजातीय वर्ग की बालिकाओं को दिया जाता है, जिन्होंने विज्ञान संकाय के विषयों (भौतिक, रसायन, जीवविज्ञान एवं गणित) में 90% से अधिक अंक प्राप्त किए हों और प्रदेश में सर्वोच्च अंक अर्जित किए हों। राज्य स्तरीय चयन समिति द्वारा मूल अंक सूची और जाति प्रमाण-पत्र का गहन सत्यापन करने के बाद वैष्णवी को प्रथम स्थान के साथ पुरस्कार के लिए चुना गया है।

कु. वैष्णवी सरियाम ग्राम सिवनी पांढुर्णा, जिला छिंदवाड़ा की निवासी हैं। उनके पिता किसान हैं और माता गृहिणी होने के साथ सिलाई का कार्य करती हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद वैष्णवी ने अपनी लगन, मेहनत और आत्मविश्वास से यह मुकाम हासिल किया।

कु. वैष्णवी ने 300 में से 284 अंक अर्जित कर विज्ञान संकाय के विषयों में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वर्तमान में वह घर पर रहकर जेईई मेन्स की तैयारी कर रही हैं।

शासकीय आदर्श बहुउद्देशीय हायर सेकेण्डरी उत्कृष्ट विद्यालय छिन्दवाडा की छात्रा कु.यशिका धुर्वे ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2025 में 500 अंकों में से 484 अंक अर्जित कर अनुसूचित जनजाति वर्ग में मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जिसके फलस्वरूप उनको मध्यप्रदेश शासन द्वारा शंकरशाह/रानी दुर्गावती पुरस्कार योजना के अंतर्गत 51000/- (ईक्कावन हजार रूपये) की राशि पुरस्कार स्वरूप दी गई है। कु.यशिका धुर्वे के पिताजी ड्रायवर है।

इस उपलब्धि पर कलेक्टर और सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *