कलेक्टर ने ली स्वास्थ्य विभाग, जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों की बैठक
जिला चिकित्सालय एवं जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने दिए सख्त निर्देश
जिला चिकित्सालय एवं जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए कलेक्टर ने विगत दिवस कलेक्टर कार्यालय छिंदवाड़ा के मिनी सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग, जिला चिकित्सालय एवं छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज (सिम्स) के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में अधिष्ठाता सिम्स, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन, अधीक्षक सिम्स, आरएमओ सहित संबंधित सभी अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अस्पताल प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने पूर्व बैठक के निर्देशों की समीक्षा करते हुए पैथोलॉजी लैब में पदस्थ किए गए कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित कर्मचारियों के अवकाश निरस्त कर तत्काल कार्यस्थल पर उपस्थित होने के निर्देश दिए।
आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत मरीजों को अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिले के सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि आयुष्मान पैकेज कोड केवल संबंधित चिकित्सकों द्वारा ही भरा जाएगा। साथ ही जिन मरीजों के प्री-ऑथोराइजेशन हो चुके हैं, उनके लंबित क्लेम सात दिनों के भीतर निपटाने के निर्देश भी दिए गए।
स्त्रीरोग विभाग में आवश्यक एनेस्थीसिया दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आकस्मिक जांचों की रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जिला चिकित्सालय के स्त्रीरोग एवं मेडिसिन विभाग में 24×7 विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु रोस्टर तैयार करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में मेडिकल कॉलेज एवं जिला चिकित्सालय से जुड़े चिकित्सकों द्वारा निजी प्रैक्टिस किए जाने संबंधी जानकारी एकत्र कर प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए गए।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की टेलीमेडिसिन एवं ई-संजीवनी सेवाओं के प्रभावी संचालन पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने पीएचसी एवं सीएचसी स्तर पर चिकित्सकों को टेलीमेडिसिन सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया, ताकि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके।
