15°C New York
June 19, 2026
कलेक्टर की अध्यक्षता में नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक संपन्न
ताज़ा खबर

कलेक्टर की अध्यक्षता में नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक संपन्न

Jun 19, 2026

कलेक्टर की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष छिंदवाड़ा में गुरूवार को जिले की नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में नगरपालिका परिषदों एवं नगर परिषदों में संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में जनकल्याण अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 एवं 2.0, राजस्व वसूली, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम), स्वच्छ भारत मिशन, पीएम श्रमयोगी मानधन योजना तथा नगरीय निकायों को भूमि आवंटन संबंधी कार्यवाहियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में जिला शहरी विकास अभिकरण छिंदवाड़ा के कमिश्नर सह परियोजना अधिकारी ने सभी निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं उपयंत्री उपस्थित थे।

सर्वप्रथम नगरीय निकायों में प्रचलित योजनाओं के लिए भूमि आवंटन की स्थिति पर चर्चा की गई। उपयंत्री चौरई को दो दिवस के भीतर भूमि का चयन करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिन हितग्राहियों द्वारा आवास निर्माण नहीं किया जा रहा है, उनके विरुद्ध आरआरसी की कार्रवाई करने के लिए सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत लंबित डीपीआर की जानकारी प्राप्त की गई। राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान नगर परिषद बिछुआ एवं बड़कुही में कम वसूली होने पर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली गई। पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन को लेकर जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

बैठक में सांसद निधि एवं विधायक निधि से कराए जाने वाले निर्माण कार्यों के लिए पहले भूमि आवंटन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पीएम श्रमयोगी मानधन योजना में सभी नगरीय निकायों की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर 30 जून तक अधिक से अधिक हितग्राहियों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन में 100 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल निराकरण करने के लिए सभी निकायों को निर्देशित किया गया।