कमलनाथ के विकास को गाया तो भाजपा के नेता मंच से पढ़ते हैं
छिंदवाड़ा। जिला कांग्रेस के प्रवक्ता नितिन उपाध्याय ने भाजपा सांसद के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री, नौ बार के सांसद और विभिन्न प्रमुख विभागों में केंद्रीय मंत्री रह चुके कमलनाथ के विकास की गाथा तो भाजपा के नेता खुले दिल और मंच से पढ़ते हैं। किंतु राजनीतिक नवजात यह बात शायद भूल गए या फिर वे सर्वमान्य स्वीकृत सत्य को स्वीकार करने से डरते हैं।
आज भाजपा के सांसद कह रहे हैं कि 45 वर्षों में कमलनाथ ने विकास के कार्य नहीं किए तो उन्हें स्मरण करना चाहता हूं कि सबसे पहला विकास उनका और रोजगार भी उन्हें ही दिया गया था। सेवन चिकित्सा दिल्ली के एम्स अस्पताल में उन्हें भी मिली थी।
अगर सांसद स्वच्छ राजनीति के पक्षधर होते तो सार्वजनिक मंच से इस बात को स्वीकार करते, किंतु झूठ बोलने वाले सच से डरते हैं। नितिन उपाध्याय ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तक 2 करोड़ युवाओं को रोजगार नहीं दिला पाए।
सांसद और मुख्यमंत्री मोहन यादव छिंदवाड़ा के विश्वविद्यालय, हॉर्टिकल्चर कॉलेज का भवन निर्मित नहीं करा पाए, एग्रीकल्चर कॉलेज खुलवा नहीं पाए। पांढुर्ना रेलवे स्टेशन पर कोरोना संक्रमण काल में ट्रेनों के स्टॉपेज को बंद कराने वाले पुनः चालू नहीं करवा पाए।
अब वे कह रहे हैं कि उनके प्रयासों से छिंदवाड़ा में न्यूक्लियर पावर प्लांट प्रारंभ होगा। यह बड़ा ही हास्यास्पद है। अब उन्हें याद दिलाना चाहता हूं कि 15 माह की कांग्रेस सरकार में भाजपा के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया के समक्ष कहा था कि कमलनाथ संपूर्ण योजनाएं, परियोजनाएं और बजट छिंदवाड़ा लेकर चले गए।
विगत माह छिंदवाड़ा दौरे पर आए मंत्री विजय शाह ने कहा कि छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र का विकास कमलनाथ ने किया है। खोखली बयानबाजी और वादे मप्र की भाजपा सरकार विगत 21 वर्षों से प्रदेश में और 11 वर्षों से केंद्र की भाजपा सरकार कर रही है। जनता खुली आंखों से देख रही है और कानों से सुन रही है।
