15°C New York
April 27, 2026
ताज़ा खबर

जनसुनवाई : कलेक्टर सुनी 159 आवेदकों की समस्यायें

Apr 27, 2026

राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है । कलेक्टर आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 159 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये । जनसुनवाई में मुख्य रूप से ज़मीन का सीमांकन करने, संबल योजना का लाभ दिलाने, सड़क बनाने, अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, राजस्व अभिलेख में नाम दर्ज करने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी।

कलेक्टर विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कई प्रकरणों को समय सीमा की बैठक में समीक्षा के लिए भी चिन्हांकित किया। जनसुनवाई कार्यक्रम में आज ग्राम ढोडाकुही के शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटवाने, ग्राम हड़ाई की भूमि का बंटवारा कर पृथक ऋण पुस्तिका बनाने, ग्राम उमरेठ के पीएम आवास निर्माण शीघ्र पूर्ण करने हेतु राशि दिलाने एवं अवैध कब्जा हटाने, अमरवाड़ा के ग्राम धतुरिया के भूमि का सीमांकन कराने, ग्राम लोहारबतरी की जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिये रिकॉर्ड रूम से जन्म दिनांक संबंधित जानकारी प्रदान कराने, ग्राम परासिया बैतूल के मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का लाभ दिलाने, ग्राम छिंदबोह के समस्त ग्रामवासियों ने ग्राम में मोबाइल टॉवर लगाने, दमुआ नगर के मो.रफीक ने 50 वर्षों से निवासरत भूमि का पट्टा प्रदाय करने, जुन्नारदेव की ग्राम पंचायत राखीकोल के उप सरपंच एवं पंचगणों ने ग्राम में निर्माण कार्यों की जांच कराने, ग्राम सिंगोड़ी कृषि भूमि के पुन: मापन एवं समुचित सीमांकन करने, छिंदवाड़ा नगर के चंदनगांव निवासी शासकीय सेवा में कार्यरत पति की मृत्यु होने पर अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, छिंदवाड़ा नगर के नोनिया करबल निवासी कल्याणी विवाह योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि दिलाने, छिंदवाड़ा नगर के वार्ड नंबर-13 चूनाभट्टा कैलाशधाम के मोहल्लावासियों ने वार्ड में नाले की सफाई एवं अतिक्रमण की गई रोड का चौड़ीकरण कराने एवं नगर के नगर निगम छिंदवाड़ा से मकान निर्माण की परमिशन दिलाने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में एडीएम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुये।