15°C New York
June 23, 2026
ताज़ा खबर

पशु बाजारों पर रहेगी नजर, पशु सुरक्षा के लिए उठाए जाएंगे कदम

May 2, 2026

छिंदवाड़ा| जिले में पशुओं के संरक्षण और पशु क्रूरता पर रोक लगाने को लेकर पांढुर्ना जिला प्रशासन द्वारा ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसको लेकर कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक हुई, जिसमें पशु कल्याण से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अशासकीय सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के सभी पशु बाजारों में पशु विक्रेताओं एवं खरीदारों का नाम, पता, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड का विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाएगा। पशुओं की जानकारी को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने और प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए मोबाइल ऐप विकसित करने पर भी चर्चा की गई।

इसके अलावा पशु चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा प्रत्येक पशु की स्वास्थ्य जांच, टैगिंग और स्वास्थ्य कार्ड जारी करना अनिवार्य होगा। सभी पशु बाजारों में पशु क्रूरता निवारण समिति का स्टॉल स्थापित किया जाएगा। संबंधित सभी शासकीय अधिकारियों को समिति में पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

समिति ने जिले में पशुओं पर होने वाली क्रूरता की रोकथाम, घायल एवं बेसहारा पशुओं के उपचार, पुनर्वास, नसबंदी, टीकाकरण, आश्रय, जन-जागरूकता और पशु बाजारों में नियमों के कड़ाई से पालन कराने पर जोर दिया।

समिति में पुलिस अधीक्षक , पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उपसंचालक डॉ. एचजीएस पखावार, जनपद सीईओ सहित सीएमओ, डीईओ, वन एसडीओ और गौसेवा से जुड़े सदस्य शामिल किए गए हैं।