15°C New York
March 19, 2026
आदर्श ग्राम रिंजीढाना में प्रस्फुटन समितियों का एक दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण संपन्न
ताज़ा खबर

आदर्श ग्राम रिंजीढाना में प्रस्फुटन समितियों का एक दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण संपन्न

Mar 19, 2026

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद मोहखेड़ के अंतर्गत सेक्टर लावाघोगरी में प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान के तहत नवांकुर संस्था शुभ विचार एसोसिएशन डोडिया के संयोजन में गत दिवस प्रस्फुटन समितियों एवं नवांकुर सखियों के लिए एक दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन आदर्श ग्राम रिंजीढाना के संस्कार केंद्र में किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूर्व जनपद सदस्य एवं मंडल अध्यक्ष ने भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं एवं युवाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। खंड समन्वयक ने परिषद की अवधारणा एवं प्रस्फुटन समितियों की भूमिका को विस्तार से समझाया। उन्होंने समग्र ग्राम विकास के लिए सकारात्मक सोच एवं नि:स्वार्थ भावना को आवश्यक बताया तथा समितियों से सभी को साथ लेकर आदर्श ग्राम निर्माण की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में परामर्शदाता एवं रिसोर्स पर्सन कैलाश सोनेवार ने जन अभियान परिषद की परिकल्पना के प्रमुख आयाम स्वैच्छिकता, सामूहिकता एवं स्वावलंबन को उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने परिषद द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं जैसे प्रस्फुटन, नवांकुर, सृजन एवं सीएमसीएलडीपी के समाज कार्य स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम की जानकारी देते हुए समग्र ग्राम विकास की अवधारणा एवं उसके विभिन्न चरणों पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही समितियों के दस्तावेजों के सही संधारण पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यशाला में नवांकुर संस्था शुभ विचार एसोसिएशन डोडिया के प्रतिनिधि उपाध्यक्ष , सदस्य तथा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति रजोला माल के सहित आदर्श ग्राम रिंजीढाना की नवांकुर सखियाँ बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।