15°C New York
March 18, 2026
नशाखोरी की प्रवृत्ति को कम करने के उद्देश्य से ग्राम सोमाढाना में सात दिवसीय शिविर संपन्न
ताज़ा खबर

नशाखोरी की प्रवृत्ति को कम करने के उद्देश्य से ग्राम सोमाढाना में सात दिवसीय शिविर संपन्न

Mar 18, 2026

छात्रों को नशे से दूर रहने की दी सलाह, दिलाई गई शपथ

रैली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को दिया नशामुक्ति का संदेश

समाज में बढ़ती नशाखोरी की प्रवृत्ति को कम करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सेवा योजना कन्या परिसर की इकाई द्वारा जिला संगठन रविंद्र नाफड़े के निर्देशन में रा.से.यो. का सात दिवसीय शिविर ग्राम सोमाढाना में आयोजित किया गया।

राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी वासनिक ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नशामुक्ति अभियान को आमजन तक पहुंचाना, सामुदायिक भागीदारी को बढ़ाना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयासों को मजबूत करना है, ताकि नशा मुक्त भारत की परिकल्पना को साकार किया जा सके। इस प्रयास के तहत एनएसएस की छात्राएं रैली, मौखिक संदेश और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को नशामुक्ति के लिए जागरूक कर रही हैं।

इस अवसर पर कुकड़ा ग्राम उत्थान समिति के संयोजक ने कहा कि तंबाकू का सेवन एक सामाजिक बुराई के रूप में फैल रहा है, जो व्यक्ति को धीरे-धीरे अपने शिकंजे में जकड़ लेता है और उसे शारीरिक तथा मानसिक रूप से बीमार बना देता है। नशा करने वाले व्यक्ति का पूरा परिवार बिखर जाता है और बच्चों की शिक्षा व प्रगति रुक जाती है।

उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति या बालक का मादक लिकर, स्वापक औषधि या अन्य मादक पदार्थों के विक्रय, फुटकर क्रय-विक्रय, आपूर्ति या तस्करी में उपयोग करना दंडनीय अपराध है। उपस्थित छात्राओं और ग्रामीणों से उन्होंने अपने क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने और लोगों को नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह देने का आह्वान किया। साथ ही तंबाकू, राजश्री, सिगरेट, बीड़ी, गांजा, ड्रग्स आदि के सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों की जानकारी भी दी गई।

सीएमसीएलडीपी एमएसडब्ल्यू की छात्रा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को विद्यालय में नैतिक शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देने के लिए समाज के सभी लोगों को पहल करनी होगी। यदि इन विषयों पर ध्यान नहीं दिया गया तो छात्र गलत दिशा में जा सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में छात्रों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में आशा कार्यकर्ता का सहयोग रहा।