सेक्टर स्तरीय प्रस्फुटन समिति का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण सम्पन्न
म.प्र. जन अभियान परिषद विकासखंड बिछुआ में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के आव्हान पर जिला कलेक्टर के निर्देशन में सेक्टर स्तरीय प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड बिछुआ के सेक्टर क्रमांक-4 धनेगांव अंतर्गत सोनपुर में नवांकुर संस्था ग्राम कल्याण समिति सोनपुर के माध्यम से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों द्वारा भारत माता के पूजन से किया गया। अतिथियों का तिलक, पुष्पमाला एवं ब्रॉच लगाकर स्वागत किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला समन्वयक एवं विकासखंड समन्वयक के निर्देशन में विभिन्न विषयों पर जानकारी प्रदान की गई।
ब्लॉक समन्वयक ने जन अभियान परिषद का परिचयात्मक विवरण दिया। वहीं नवांकुर संस्था के सह-सचिव ने परिषद की परिकल्पना, स्वैच्छिकता, सामूहिकता एवं स्वावलंबन के साथ परिषद के लक्ष्य और उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की। परामर्शदाता ने समग्र ग्राम विकास की अवधारणा तथा प्रस्फुटन समिति के दस्तावेजीकरण की जानकारी देते हुए अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्यों तथा नवांकुर सखियों को लेखा-जोखा एवं अभिलेख संधारण के बारे में अवगत कराया।
प्रशिक्षण में आदर्श ग्राम निर्माण, नशामुक्त समाज, शासन की योजनाओं का प्रचार-प्रसार, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता अभियान, संस्कार केंद्र, जैविक खेती और सभी के लिए शिक्षा जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई। इंटर्न ने प्रस्फुटन समितियों को संबोधित किया। अंतिम सत्र में संस्था के सचिव ने सामाजिक संस्थाओं के पंजीयन, उनकी संरचना, धारा 27, 28, 29 तथा वर्ष के अंत में संस्था के ऑडिट की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी रही, जिनमें मंडल अध्यक्ष सहित अन्य साथियों को परिषद की गतिविधियों एवं कार्यों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में विभिन्न समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
इसके अतिरिक्त , सरपंच-सचिव, सामाजिक कार्यकर्ता सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं तथा अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रशिक्षण का संचालन द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई।
