ग्राम माल्हनवाड़ा में ग्रामीण जनों को दी गई पोषण एवं स्वास्थ्य देखभाल की जानकारी
जिले में कुपोषण मुक्त अभियान के तहत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था अपूर्वा फाउंडेशन द्वारा विकासखंड छिंदवाड़ा के सेक्टर क्रमांक 03 के ग्राम माल्हनवाड़ा के आंगनबाड़ी केंद्र में आज जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक के निर्देशन में कुपोषण एवं स्वास्थ्य विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर परामर्शदाता ने बताया कि एम.एस.डब्ल्यू. के छात्रों ने ग्राम आरोग्य केंद्र में आयोजित टीकाकरण सत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणालियों को समझा और उनके कार्यों में सहयोग प्रदान किया। साथ ही उपस्थित महिलाओं को एनीमिया और कुपोषण से बचाव के उपाय बताते हुए उन्होंने कहा कि शरीर के समुचित विकास के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कार्बोहाइड्रेट के रूप में चावल, मक्का, गेहूं, शक्कर, गुड़ तथा प्रोटीन के रूप में दाल, दलहन, दूध एवं दुग्ध उत्पाद, मांस, मछली एवं अंडे का सेवन करना चाहिए। इसके अलावा खनिज पदार्थ एवं विटामिन की पूर्ति के लिए सब्जियां, सतरंगी फल, तिलहन, तेल एवं घी युक्त खाद्य पदार्थों का संतुलित मात्रा में सेवन आवश्यक है। उन्होंने तीन रंगों पर प्रदर्शित भोज्य पदार्थों सब्जियां, फल एवं अनाज का संतुलित आहार लेने की भी सलाह दी।
अपूर्वा फाउंडेशन के अध्यक्ष ने बाल विवाह रोकने के लिए सभी ग्रामीणों से एकजुट होकर ग्राम को बाल विवाह मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की। एम.एस.डब्ल्यू. की छात्रा शिवांगी साहू ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण कराने पर जोर देते हुए कहा कि इससे सात गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगीता का सराहनीय सहयोग रहा।
