पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय सिंगोड़ी में फुटबॉल वितरण कार्यक्रम संपन्न हुआ
जिले के पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय सिंगोड़ी में आज गुरूवार को विद्यालय के खेल प्रांगण में शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार एवं FIFA के सहयोग से आयोजित फुटबॉल वितरण के लिए जिला स्तर पर चयनित नोडल सेन्टर स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय सिंगोड़ी में फुटबॉल वितरण का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी (ब्रांड एम्बेसेडर स्वच्छ भारत अभियान छिन्दवाड़ा) एवं गणमान्य अतिथियों तथा विद्यालय प्राचार्य के आतिथ्य में माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय की छात्राओं द्वारा मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया तथा विद्यालय प्राचार्य द्वारा स्वागत भाषण दिया गया। तत्पश्चात रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
इसके बाद सूचिबद्ध शालाओं से उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा फुटबॉल वितरित की गई। इस दौरान विद्यालय के फुटबॉल खिलाड़ियों द्वारा रोमांचक खेल का प्रदर्शन किया गया। मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा फुटबॉल किक कर किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में खेल के महत्व के साथ ही स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक द्वारा आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
