शासकीय महाविद्यालय बिछुआ में एनएसएस शिविर के चौथे दिन वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित
युवा शक्ति के हाथों में देश का भविष्य सुरक्षित है- प्राचार्य
शासकीय महाविद्यालय बिछुआ की राष्ट्रीय सेवा योजना के 7 दिवसीय विशेष शिविर के चतुर्थ दिवस पर आज वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें सर्वप्रथम स्वयं सेवकों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया और शिविर परिसर में प्लास्टिक, कूड़ा करकट एकत्रित करके डस्टविन में डाला गया तथा साफ-सफाई की गई। बौद्धिक सत्र में संस्था प्राचार्य के उद्बोधन में स्वयं सेवकों को बताया कि युवा शक्ति के हाथों में देश का भविष्य सुरक्षित है। युवा देश की ताकत है। युवाओं के सशक्तिकरण से देश को नई ऊँचाई पर ले जाया जा सकता है। युवाओं में रोजगार, कौशल विकास, औद्योगिक प्रौद्योगिकी का समावेशन 2047 तक विकसित भारत बनने के सपने को मजबूती प्रदान करना ही विकास है।
एसबीआई बिछुआ के शाखा प्रबंधक द्वारा वित्तीय साक्षरता पर व्याख्यान दिया गया, जिसमें साइबर सिक्योरिटी, डिजिटल अरेस्ट के बारे में जागरूक किया गया। वित्तीय प्रबन्धन की जानकारी भी दी गई, जिसके अंतर्गत बजट बनाना, बचत करना, निवेश करना, ऋण लेना, वित्तीय जोखिमों से खुद को बचाने आदि के बारे में बताया गया। इस शिविर का आयोजन संस्था प्राचार्य के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम अधिकारी के नेतृत्व में हुआ, जिसमें महाविद्यालय के स्टाफ एवं स्वयंसेवक दल प्रभारी का विशेष योगदान रहा।
