मोहखेड़ क्षेत्र में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई अवैध मदिरा ठिकानों पर दबिश, 2400 किलो महुआ लहान नष्ट
छिंदवाड़ा।
अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विकासखंड मोहखेड़ क्षेत्र में आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के ठिकानों पर बड़ी कार्यवाही की है।
कलेक्टर के निर्देशानुसार एवं सहायक आबकारी आयुक्त के मार्गदर्शन में गत दिवस आबकारी अमले ने ग्राम मोरदेई एवं सिंगपुर क्षेत्र में जंगल के नाले किनारे दबिश दी। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में प्लास्टिक की पन्नियों में भरा हुआ महुआ लहान बरामद कर विधिवत मौके पर नष्ट किया गया।
इसके साथ ही मौके से बरामद अवैध हाथ भट्टी मदिरा को भी आबकारी विभाग ने अपने कब्जे में लिया।
शहर में भी कार्रवाई
आबकारी दल ने शहर के खजरी एवं ढिमराढाना क्षेत्र में भी दो व्यक्तियों के कब्जे से कुल 14 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद की।
07 प्रकरण दर्ज
इस संपूर्ण कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 के तहत कुल 07 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। विभाग द्वारा करीब 2400 किलोग्राम महुआ लहान नष्ट किया गया तथा कुल 44 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की गई।
इस अभियान में वृत्त प्रभारी सहित आबकारी अमला उपस्थित रहा।
