सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग ने किया विकासखंड तामिया के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
हायर सेकेंडरी स्कूल खुर्सीढाना में छात्रवृत्ति के लिये ओटीआर पंजीयन की भी की गई समीक्षा
छिन्दवाड़ा/07 फरवरी 2026/ सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग द्वारा आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर आज जिले के विकासखंड तामिया में परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने हायर सेकेंडरी स्कूल बिजोरी, हायर सेकेंडरी स्कूल खुर्सीढाना एवं स्कूल देलाखारी स्थित परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त ने संबंधित विद्यालय स्टाफ को परीक्षा संचालन से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं, अनुशासन, समयबद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रों से संवाद कर उन्हें आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए मोटिवेट किया तथा परीक्षा के दौरान तनाव मुक्त रहकर आत्मविश्वास के साथ प्रश्न हल करने की सलाह दी। हायर सेकेंडरी स्कूल खुर्सीढाना में छात्रवृत्ति के लिये ओटीआर पंजीयन की भी समीक्षा की गई और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
स्कूल देलाखारी में परीक्षा केंद्र निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही छात्रों से सामान्य गुणा-भाग से संबंधित प्रश्न हल करवाकर उनकी बुनियादी शैक्षणिक समझ का आकलन भी किया गया। इसके अतिरिक्त, विकासखंड तामिया अंतर्गत देलाखारी के कोहपानी ग्राम में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग द्वारा वन अधिकार पत्रधारी हितग्राहियों से सीधा संवाद कर उन्हें मिलने वाले शासकीय हितलाभों की जानकारी ली गई। मौके पर उपस्थित ग्राम सचिव को आवास योजना एवं वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित लंबित मामलों में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इस निरीक्षण के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता सुधारने के साथ ही शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रशासन की सक्रिय भूमिका स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
