प्रशिक्षण केंद्र खापास्वामी में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों की सेक्टर स्तरीय बैठक संपन्न
खापास्वामी:- म.प्र. जन अभियान परिषद जिला छिंदवाड़ा अंतर्गत विकासखंड जुन्नारदेव में जिला समन्वयक एवं विकासखण्ड समन्वयक के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में आज ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों की सेक्टर स्तरीय बैठक सेक्टर-2 शांतिकुंज प्रशिक्षण केंद्र खापास्वामी में आयोजित की गई।
बैठक में संबोधित करते हुए जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक ने कहा कि प्रस्फुटन समितियां शासन और जनता के बीच सेतु का कार्य कर रही हैं। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने नवांकुर सेक्टर की समितियों द्वारा स्वावलंबन और सामूहिक प्रयासों से किए जा रहे कार्यों को सराहनीय बताया।
बैठक में विभिन्न ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्षों और सचिवों ने अपने-अपने गांवों में आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी। सेवा सप्ताह, विश्व ध्यान दिवस, जल संचयन, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जैविक कृषि, गौ संरक्षण, शिक्षा एवं संस्कार और ग्रामोदय से अभ्युदय कार्यक्रमों के अंतर्गत किए गए कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक , स्वयं सामाजिक कल्याण एवं विकास समिति खापास्वामी अध्यक्ष व समस्त ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
