कलेक्टर ने ली पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक
पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने जताई नाराजगी, लक्ष्य पूरे नहीं करने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने एनएडीसीपी अंतर्गत एफएमडी सप्तम चरण, हिरण्य गर्भा अभियान के तहत गौशालाओं एवं जिले में किए गए कृत्रिम गर्भाधान, सेक्स्ड सॉर्टेड सीमन से कृत्रिम गर्भाधान, अवर्णित नस्ल के पशुओं में कृत्रिम गर्भाधान, क्षीरधारा ग्राम में किए गए सर्वे, आचार्य विद्यासागर गौ-संवर्धन योजना, मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना, पशुपालन किसान क्रेडिट कार्ड तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना की विकासखंडवार समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान हिरण्य गर्भा अभियान अंतर्गत कृत्रिम गर्भाधान एवं गर्भ परीक्षण, मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना तथा पशुपालन किसान क्रेडिट कार्ड में अत्यंत कम उपलब्धि पर कलेक्टर की नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने आगामी समीक्षा बैठक से पूर्व अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने जिन गौ-सेवक मैत्रियों द्वारा कार्य नहीं किया जा रहा है, उनका पंजीयन निरस्त कर उनके स्थान पर नए गौ-सेवक मैत्रियों को प्रशिक्षित कर नियुक्त करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर निवास करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ.एच.जी.एस. पक्षवार, सभी जिला नोडल अधिकारी, पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी, पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ एवं सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी उपस्थित थे।
