15°C New York
March 13, 2026
उत्पादक समूहों के सुदृढ़ीकरण व व्यवसाय वृद्धि को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
ताज़ा खबर

उत्पादक समूहों के सुदृढ़ीकरण व व्यवसाय वृद्धि को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

Mar 12, 2026

उत्पादक समूहों के सुदृढ़ीकरण एवं व्यवसाय वृद्धि के उद्देश्य से आज जिला पंचायत सभाकक्ष छिंदवाड़ा में जिला छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा के समस्त उत्पादक समूहों के साथ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा जिले में गठित नए एवं पुराने उत्पादक समूहों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उत्पादक समूहों को जारी की गई राशि की भी समीक्षा की गई तथा समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दी गई।

बैठक में निर्देशित किया गया कि जिला छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा में नए उत्पादक समूहों के लिए सीएलएफ में जारी की गई राशि को तीन दिवस के भीतर संबंधित उत्पादक समूहों को उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उत्पादक समूहों को क्षेत्रीय उपलब्धता के आधार पर प्रसंस्करण से जुड़े कार्य करने के सुझाव दिए गए, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।

समीक्षा के दौरान विकासखंड चौरई के ग्राम हथिनी के उजारा उत्पादक समूह द्वारा मिर्च-मसाला प्रोसेसिंग का कार्य किए जाने की जानकारी अध्यक्ष द्वारा दी गई। वहीं सौंसर विकासखंड के ग्राम पढ़री के सद्भावना उत्पादक समूह के अध्यक्ष ने बताया कि उनके समूह द्वारा अरहर की खरीद कर उसका प्रसंस्करण कर दाल बनाकर विक्रय किया जा रहा है। इन कार्यों की मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा सराहना की गई तथा उक्त कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

बैठक में उत्पादक समूहों की आर्थिक गतिविधियों को सतपुड़ा उत्पादक प्रोड्यूसर कंपनी से जोड़ने के लिए अनुबंध प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, जिससे समूहों की आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि हो सके और भविष्य में उन्हें अधिक लाभ मिल सके। साथ ही समूह के सभी सदस्यों के बीच पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।

जिले में किए जा रहे नवाचार ‘आजीविका पातालकोट उत्पाद’ के अंतर्गत मसाला क्रय-विक्रय का कार्य उत्पादक समूहों के माध्यम से किए जाने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विकासखंडों के पूर्व एवं नवगठित अध्यक्ष और सचिव उपस्थित थे तथा सभी उत्पादक समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों के अनुभव साझा किए गए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने कहा कि यह समीक्षा बैठक उत्पादक समूहों के लिए काफी कारगर सिद्ध होगी।

बैठक में उत्पादक समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे मसाले एवं दालों को स्कूलों में संचालित मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) योजना से जोड़ने के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। समीक्षा बैठक में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जिला परियोजना प्रबंधक जिला प्रबंधक-कृषि सहित सभी विकासखंडों के विकासखंड प्रबंधक और पीजी सदस्य उपस्थित थे।