जिला स्तरीय विकासखंड समन्वयकों एवं नवांकुर संस्थाओं की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न
जन अभियान परिषद छिंदवाड़ा द्वारा जिला स्तरीय विकासखंड समन्वयकों एवं नवांकुर संस्थाओं की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन गत दिवस जिला मुख्यालय जनपद पंचायत सभागार में सम्पन्न हुआ। बैठक में संभाग समन्वयक जिला समन्वयक सहित सभी विकासखंड समन्वयक उपस्थित थे।
बैठक में नवांकुर संस्थाओं द्वारा नर्सरी निर्माण, प्रस्फुटन समितियों की सेक्टर स्तरीय बैठक, समितियों के दस्तावेजीकरण, विगत माह में किए गए कार्यों की प्रगति, प्रस्फुटन समितियों के बोर्ड-फ्लेक्स एवं कार्यालय निर्माण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। जिले में कार्यरत समस्त चयनित नवांकुर संस्थाओं द्वारा पिछले एक माह में किए गए कार्यों का विस्तार से मूल्यांकन किया गया।
इस दौरान परिषद कार्यालय द्वारा निर्धारित दायित्वों, ग्राम चौपाल, सामूहिक श्रमदान तथा ग्राम स्तर पर परिवारों से व्यक्तिगत संपर्क जैसे विषयों पर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। संभाग समन्वयक ने नवांकुर सखी के माध्यम से महिला सशक्तीकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि महिलाओं की आय वृद्धि हेतु नवाचार आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देना आवश्यक है, जिससे महिलाएँ आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
जिला समन्वयक ने सभी नवांकुर संस्थाओं से ग्राम स्तर पर प्रस्फुटन समितियों को सक्रिय करने, नियमित सेक्टर स्तरीय बैठकें आयोजित करने तथा ग्राम चौपाल के माध्यम से शासकीय योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने पंचायत स्तर पर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिये सेवा कार्यों को और सशक्त बनाने पर जोर दिया।
बैठक में जिले की नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं परामर्शदाता उपस्थित थे। साथ ही विकासखंड समन्वयक सहित उपस्थित थे।
