15°C New York
August 2, 2026
झिरपा, चावलपानी एवं छिंदी में आबकारी विभाग की सघन कार्रवाई, 950 कि.ग्रा. महुआ लाहन बरामद
ताज़ा खबर

झिरपा, चावलपानी एवं छिंदी में आबकारी विभाग की सघन कार्रवाई, 950 कि.ग्रा. महुआ लाहन बरामद

Jun 13, 2026

कलेक्टर नारायन के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा परिवहन, निर्माण, विक्रय एवं संग्रहण के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गत दिवस आबकारी विभाग द्वारा वृत परासिया के ग्राम झिरपा, चावलपानी एवं छिंदी सहित अन्य क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान कुल लगभग 950 किलोग्राम लावारिस महुआ लाहन बरामद कर नष्ट किया गया तथा 40 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब जप्त की गई। इसके अलावा 16 केन बीयर, 36 पाव देशी मदिरा एवं 32 पाव ऑफिसर चॉइस मदिरा भी बरामद की गई। जप्त महुआ लाहन एवं मदिरा की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है।

आबकारी विभाग द्वारा की गई कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कुल 7 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। इनमें 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत होने के निर्देश दिए गए, जिन्हें बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आबकारी उप निरीक्षक वृत परासिया आबकारी आरक्षक महिला आरक्षक का विशेष योगदान रहा।