शासकीय महिला आदिवासी आईटीआई छिंदवाड़ा में ‘सुरक्षित इंटरनेट दिवस’ पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
आज 10 फरवरी 2026 को ‘सुरक्षित इंटरनेट दिवस’ के उपलक्ष्य में जिला एनआईसी छिंदवाड़ा द्वारा शासकीय आदिवासी महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था छिंदवाड़ा में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग और भविष्य की डिजिटल चुनौतियों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी और ए.डी.आई.ओ. (एनआईसी) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वर्तमान समय में डिजिटल साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने तकनीकी युग में इंटरनेट के लाभों के साथ ही उससे जुड़े खतरों के बारे में विस्तार से चर्चा की। श्री रावत ने विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के जिम्मेदार उपयोग और डीपफेक जैसी नई व भ्रामक तकनीकों से सावधान रहने के बारे में विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य ने विद्यार्थियों को इस प्रकार के आयोजनों का लाभ उठाने और डिजिटल माध्यमों का उपयोग अपनी प्रगति के लिए करने के लिये प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में ई-दक्ष केंद्र के प्रशिक्षक और एनआईसी के नेटवर्क इंजीनियर भी विशेष रूप से उपस्थित थे। इन विशेषज्ञों ने भी साइबर सुरक्षा, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और डिजिटल जागरूकता के विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को एक जागरूक डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाओं और ऑनलाइन सुरक्षा से संबंधित प्रश्नों का विशेषज्ञों के माध्यम से समाधान प्राप्त किया। इस आयोजन में संस्था के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
