15°C New York
April 14, 2026
इकलामासानी में सामूहिक श्रमदान से किया गया बोरी बंधान
ताज़ा खबर

इकलामासानी में सामूहिक श्रमदान से किया गया बोरी बंधान

Feb 17, 2026

जल संरक्षण के अंतर्गत ग्रामीणों को किया गया जागरूक

म.प्र. जन अभियान परिषद विकासखंड जुन्नारदेव के तत्वावधान में जिला समन्वयक के मार्गदर्शन में इकलामासानी में मनोरम दृश्य से भरपूर कन्हान नदी उद्गम स्थल की तलहटी क्षेत्र में स्थित कम बहाव वाले एरिया में सामूहिक श्रमदान के माध्यम से बोरी बंधान कार्य किया गया।

इस अभियान में गठित ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति, नवांकुर संस्था स्वयं सामाजिक कल्याण एवं विकास समिति खापास्वामी तथा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) के अंतर्गत समाज कार्य में स्नातक एवं स्नातकोत्तर कर रहे सामाजिक कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से सहभागिता निभाई। जल संचय अभियान के तहत ग्राम इकलामासानी में जल संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से बोरियों और पत्थरों का उपयोग कर बोरी बंधान का निर्माण किया गया।

बोरी बंधान के बाद आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक ने कहा कि प्रस्फुटन समिति एवं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम में अध्ययनरत एम.एस.डब्ल्यू. एवं बी.एस.डब्ल्यू. के छात्रों के सामूहिक प्रयासों से जल संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर प्रभावी जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बोरी बंधान, सोखता गढ्ढा सहित अन्य जल संरचनाओं का निर्माण, जल स्रोतों की साफ-सफाई तथा गांव-गांव में संगोष्ठी, चौपाल, बैठक, रैली एवं चर्चा के माध्यम से लोगों को पानी बचाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम में परामर्शदाता ने बताया कि पूर्व में भूमिगत जल स्तर काफी ऊपर था, किंतु समय के साथ यह तेजी से नीचे चला गया है, जो गंभीर चिंता का विषय है। इसी को ध्यान में रखते हुए परिषद द्वारा जल संचय अभियान के अंतर्गत सतत जन-जागरूकता के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक, प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारी, सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।