भोपाल। मध्यप्रदेश में सीएम शिवराज सिंह चौहान चुनावी मोड में हैं। नेताप्रतिपक्ष अजय सिंह ने आरोप लगाया है कि वो सरकारी संपत्ति को भी भाजपा की संपत्ति मान रहे हैं। इतना ही नहीं वो भाजपा के झंडे को राष्ट्रध्वज का स्थान देने की कोशिश कर रहे है। अजय सिंह ने राष्ट्रगान संहिता का उल्लंघन करने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने शासकीय कार्यक्रमों में बीजेपी का झंडा फहराए जाने को लोकतंत्र का अपमान करार दिया है।
अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 14 मई को छतरपुर के राजनगर में एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा का ध्वज फहराते हुए राष्ट्रगान का गायन किया, जो कि सीधे-सीधे राष्ट्रगान संहिता का उल्लंघन है। शिवराज सिंह ने राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक के सम्मान का ध्यान मुख्यमंत्री होने के बाद भी नहीं रखा, जो कि एक गंभीर अपराध है।
अजय सिंह ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं के अपमान के बाद अब प्रतीकों के मान-सम्मान के प्रति भी अपमानजनक रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि प्रतीकों पर आजादी की लड़ाई पर लाखों लोगों ने अपने प्राणों का उत्सर्ग कर दिया हो, उनके साथ भाजपा का अपमान जनक रवैया यह बतलाता है कि यह उसका भारतीय लोकतंत्र, प्रजातंत्र और संविधान के प्रति कोई विश्वास नहीं है।
साथ ही 14 मई को भाजपा ने नरसिंहपुर जिले में घघरौला कलां, नवीन माध्यमिक शाला और शाहपुर में राजीव गांधी सेवा केंद्र भवन पर राष्ट्रीय ध्वज के स्थान पर भारतीय जनता पार्टी का ध्वज फहराया गया। अगर शासन ने राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान के प्रति मुख्यमंत्री सहित उनके भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जो अपमान किया है उनके खिलाफ अगर तत्काल कार्रवाई नहीं कि गई तो कांग्रेस कानूनी कार्रवाई करेगी।